रुड़की। शहर के सबसे अधिक जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में शामिल कृष्ण नगर में वर्षों से चली आ रही समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। वार्ड संख्या-22 की चर्चित गली नंबर-16 में सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। लगभग 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क से क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

निर्माण कार्य का शुभारंभ मेयर अनिता अग्रवाल, उनके प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल, वार्ड पार्षद अलका सैनी तथा पार्षद प्रतिनिधि घनश्याम सैनी की मौजूदगी में हुआ। इस अवसर पर मेयर ने निर्माण स्थल पर मौजूद अधिकारियों और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि वे स्वयं निर्माण कार्य पर नजर रखें, क्योंकि अच्छी और मजबूत सड़क का लाभ लंबे समय तक जनता को ही मिलेगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड संख्या-22 में पिछले कुछ समय के दौरान विकास कार्यों में तेजी आई है। क्षेत्र में अब तक पांच सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि नगर निगम की ओर से लगभग 1.10 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। पार्षद प्रतिनिधि घनश्याम सैनी लगातार क्षेत्र की समस्याओं को नगर निगम में उठाते रहे हैं और जलभराव के स्थायी समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि पिछले वर्ष बरसात के दौरान मेयर अनिता अग्रवाल और उनके प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल स्वयं जलभराव वाले क्षेत्रों में पहुंचे थे और लोगों से समाधान का भरोसा दिया था। इसके बाद जल निकासी व्यवस्था में सुधार के लिए कई कदम उठाए गए। पनियाला रोड की ओर पानी की निकासी की व्यवस्था बनाई गई तथा आवश्यकता पड़ने पर टैंकरों के माध्यम से भी जलभराव कम कराया गया। इस वर्ष की बरसात में पिछले वर्ष की तुलना में जलभराव की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।
क्षेत्र के नागरिकों का मानना है कि यदि इसी प्रकार योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य जारी रहे तो कृष्ण नगर की वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।

