रुड़की। सोनी रोड़।विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल रुड़की द्वारा शहर में बढ़ रहे कथित देह व्यापार और नशे के कारोबार के विरोध में आवाज उठाते हुए उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा के माध्यम से एसएसपी हरिद्वार को कार्रवाई हेतु ज्ञापन भेजा गया।

ज्ञापन में कहा गया कि रुड़की जैसे शिक्षा नगरी में देह व्यापार और नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है, जो समाज और युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। संगठन ने आरोप लगाया कि बीते शुक्रवार जब विहिप कार्यकर्ताओं ने कथित देह व्यापार का विरोध किया तो संबंधित लोगों द्वारा उन पर हमला किया गया। इस मामले को लेकर पूर्व में एसएसपी देहात को भी तहरीर दी जा चुकी है।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा द्वारा एसएसपी हरिद्वार को भेजे गए पत्र में कहा गया कि रुड़की शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और संस्कारित बनाए रखने के लिए ऐसे अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से इस विषय में सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
विहिप और बजरंग दल पदाधिकारियों ने कहा कि समाज को नशा और अनैतिक गतिविधियों से मुक्त कराने के लिए प्रशासन, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा।
इस दौरान पंकज विश्नोई, संजय, परवीन, रमेश भटेजा, तुषार, बालेश चौधरी, संदीप ग्रोवर, रवि, बृजमोहन मौर्य, श्याम लाल, सुशील चमोली, सुरेंद्र, दलीप मेहंदीरत्ता (जिला उपाध्यक्ष विहिप) सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


