जिला योजना समिति में रुड़की के पांचों पार्षदों ने दर्ज की जीत, नगर निगम में हुआ जोरदार स्वागत
रुड़की। सोनी रोड़।जिला योजना समिति के चुनाव में रुड़की नगर निगम के पांचों पार्षदों ने जीत दर्ज कर शहर का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया। चुनाव में सफलता हासिल कर लौटे पार्षदों का शुक्रवार को नगर निगम पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। महापौर अनीता अग्रवाल, ललित मोहन अग्रवाल और नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने विजयी पार्षदों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। वहीं, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने भी अपने आवास पर पांचों पार्षदों का स्वागत किया। इस दौरान पार्षदों और उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
हरिद्वार में आयोजित जिला योजना समिति के चुनाव में रुड़की नगर निगम के पार्षदों के साथ पाडली गुर्जर, रामपुर और ढंडेरा नगर पंचायतों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। चुनाव में कुल 73 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें 40 पार्षद और 33 सभासद शामिल थे। मतदान के बाद हुई मतगणना में रुड़की नगर निगम के पांचों प्रत्याशियों ने जीत हासिल की।
विजयी पार्षदों में संजीव तोमर, सतवीर सिंह, रिशु वर्मा, नीतू शर्मा और शहनाज शामिल हैं। पांचों पार्षदों के निर्वाचन को रुड़की नगर निगम के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
नगर निगम में स्वागत के दौरान महापौर अनीता अग्रवाल ने उम्मीद जताई कि जिला योजना समिति में सभी सदस्य शहर के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। ललित मोहन अग्रवाल और नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि पांचों पार्षदों के निर्वाचन से रुड़की के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
जिला योजना समिति में रुड़की का प्रतिनिधित्व मिलने से शहर की विकास योजनाओं, स्थानीय जनसमस्याओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं को संबंधित मंच पर उठाने का अवसर मिलेगा। अब शहरवासियों को उम्मीद है कि नवनिर्वाचित सदस्य विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएंगे।


