अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग, कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च
दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने पर जताया विरोध, पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कार्यकर्ताओं से संघर्ष जारी रखने का किया आह्वान

रुड़की, 15 अक्टूबर। सोनी रोड़।अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम नगर निगम कार्यालय के सामने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के निकट एकत्र होकर कैंडल मार्च निकाला और विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर भी आपत्ति जताई।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग उठाई। इस दौरान पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अंकिता के परिजन नई दिल्ली के इंडिया गेट पर धरना देकर न्याय की मांग कर रहे हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इंडिया गेट पहुंचकर परिजनों से मुलाकात कर उनके संघर्ष को समर्थन दिया है।
गौरव गोयल ने कहा कि अंकिता भंडारी का मामला केवल एक परिवार को न्याय दिलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय व्यवस्था में जनता के विश्वास से जुड़ा विषय है। उन्होंने पार्टी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यकर्ताओं से अंकिता को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
प्रदर्शन में पूर्व चेयरमैन मनोज सैनी, जिला महामंत्री संगठन मुन्फेत अली, जिला उपाध्यक्ष मदन पाल भड़ाना, संजय गुड्डू, ब्लॉक अध्यक्ष नीरज सैनी, रिजवान अहमद, मुस्तकीम अहमद, जिला महामंत्री सुभाष चंद्र शर्मा, जिला प्रवक्ता अनिल पुंडीर, भूषण त्यागी, मिलिंद चौधरी, गौरव अग्रवाल, वीरेंद्र कुमार शर्मा, गौरव प्रधान, सुशील कश्यप, महिला जिलाध्यक्ष यासमीन खान, बीना आनंद, कहकशां, तुषार गोयल, सुभाष चौधरी, मिंटू प्रधान, गतेंद्र सैनी, उम्मेद गाजी, गुलफाम अली, जोहार लाल, विशाल सहगल, राहुल सैनी, सफीक अहमद, अतुल गौतम, राजवीर, राजेश कुमार, सलीम, पूर्व पार्षद अब्दुल कादिर और अक्षय गौतम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


