
रुड़की।सोनी रोड़। हरिद्वार विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ की ओर से नई दिल्ली स्थित क्राउन प्लाजा, मयूर विहार में “HR Leaders Meet 2026 – Delhi Chapter” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्योग जगत और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग को मजबूत बनाते हुए विद्यार्थियों के लिए रोजगार, इंटर्नशिप, कौशल विकास एवं उद्योग आधारित प्रशिक्षण के नए अवसर विकसित करना था।
कार्यक्रम में देश की 24 से अधिक अग्रणी कंपनियों के 32 वरिष्ठ एचआर प्रमुखों और कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं, भविष्य की संभावनाओं और विद्यार्थियों को रोजगार के लिए बेहतर तरीके से तैयार करने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में Coforge, Tech Mahindra, Jindal Group, Genpact, KPMG, Accenture, Webkul Software, Protiviti सहित कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
विश्वविद्यालय की ओर से शैक्षणिक उपलब्धियों, राष्ट्रीय रैंकिंग, आधुनिक शिक्षण पद्धति, कौशल विकास कार्यक्रमों, उत्कृष्ट प्लेसमेंट रिकॉर्ड तथा उद्योग-अकादमिक सहयोग की विभिन्न पहलों की प्रस्तुति दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए संचालित नवाचार आधारित कार्यक्रमों की भी जानकारी साझा की गई।
HR Leaders Round Table Discussion के दौरान विशेषज्ञों ने लाइव इंडस्ट्री प्रोजेक्ट्स, पेड इंटर्नशिप, कॉर्पोरेट मेंटरशिप, गेस्ट लेक्चर, हैकाथॉन, मॉक इंटरव्यू और इंडस्ट्री-स्टूडेंट कनेक्ट जैसे कार्यक्रमों को रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक बताया। कई कंपनियों ने भविष्य में हरिद्वार विश्वविद्यालय के साथ कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव, पेड इंटर्नशिप, इंडस्ट्री कोलैबोरेशन, कार्यशालाएं और फैकल्टी डेवलपमेंट कार्यक्रम आयोजित करने में रुचि दिखाई।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष नमन बंसल, प्रो वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) आदेश आर्य तथा प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रबंधक प्रज्वल चौधरी ने उद्योग प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय प्रबंधन ने सभी उद्योग प्रतिनिधियों और सहभागी संस्थानों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी उद्योग-अकादमिक सहभागिता को और मजबूत बनाने के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।


