रुड़की, 25 जून 2025।
रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने मंगलवार को देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर शहर में अवैध रूप से संचालित हो रहे होटल, कैफे और स्पा सेंटरों की जांच एवं उन पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
विधायक बत्रा ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए अवगत कराया कि रुड़की, जो कि एक ऐतिहासिक और शिक्षा नगरी के रूप में विख्यात है, वहां कुछ ऐसे होटल, रेस्टोरेंट और स्पा सेंटर संचालित हो रहे हैं जिन्हें न तो संबंधित विभागों से लाइसेंस प्राप्त हैं और न ही वे विधिवत आयकर अदा कर रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कई होटल और स्पा सेंटरों में देह व्यापार जैसे अनैतिक कार्य भी संचालित हो रहे हैं, जिससे न केवल देवभूमि उत्तराखंड की गरिमा और रुड़की की छवि धूमिल हो रही है, बल्कि क्षेत्र का सामाजिक वातावरण भी प्रभावित हो रहा है। इस स्थिति से क्षेत्रीय जनता में रोष व्याप्त है।
विधायक प्रदीप बत्रा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे इस गंभीर मामले का संज्ञान लें और संबंधित अधिकारियों को होटलों, कैफे और स्पा सेंटरों की जांच कराकर अवैध गतिविधियों में लिप्त संस्थानों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश जारी करें।
मुख्यमंत्री ने विधायक की मांग को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया और प्रशासन को जल्द जांच के निर्देश दिए जाने की बात कही।


