रुड़की। शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने और प्रतिबंधित पॉलिथीन व सिंगल-यूज प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग पर रोक लगाने की मांग को लेकर प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को नगर निगम रुड़की के मुख्य नगर अधिकारी (एमएनए) को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने शहर में पॉलिथीन के थोक भंडारण और बिक्री पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष एवं उत्तराखंड सरकार के वन एवं पर्यावरण के पूर्व सदस्य विकास त्यागी ने कहा कि सरकार द्वारा सिंगल-यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद शहर के बाजारों और सब्जी मंडियों में इसका खुलेआम उपयोग हो रहा है। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन के कारण नालियां और ड्रेनेज सिस्टम जाम हो रहे हैं, जिससे हल्की बारिश में भी जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। साथ ही, प्लास्टिक खाने से बेसहारा गोवंश और अन्य पशुओं की जान भी खतरे में पड़ रही है।
डॉ. अमरदीप पुंडीर और एडवोकेट विशेष त्यागी ने कहा कि प्लास्टिक कचरा जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। डंपिंग स्थलों पर जमा प्लास्टिक में पानी भरने से डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है, जबकि प्लास्टिक जलाने से वायु प्रदूषण भी बढ़ रहा है। उन्होंने नगर निगम से व्यापक चेकिंग और चालान अभियान चलाने की मांग की।

ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य नीरज चौधरी और हार्दिक त्यागी ने कहा कि केवल चालान करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। इसके लिए नगर निगम को सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से बाजारों में ‘थैला बैंक’ स्थापित करने और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है, ताकि लोग स्वेच्छा से पॉलिथीन का उपयोग बंद करें।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी ‘स्वच्छ रुड़की, स्वस्थ रुड़की’ अभियान को सफल बनाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में सौरभ त्यागी, पार्षद आकाश जैन, पार्षद अमित कुमार, अनुज सैनी, मोहित त्यागी, विनय कुमार, विक्रांत पुंडीर सहित प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे।
मुख्य नगर अधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए शहर में प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ शीघ्र विशेष अभियान चलाने का आश्वासन दिया।


