रुड़की।सोनी रोड़। क्वाड्रा ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट के ट्रस्टी सदस्य एवं अमेरिका निवासी वरिष्ठ इंजीनियर प्रवीण सिंह के संस्थान आगमन पर क्वाड्रा परिवार द्वारा आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर संस्थान के चिकित्सकों, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने उनसे संवाद किया।

इंजीनियर प्रवीण सिंह ने अपने विदेशी अनुभव साझा करते हुए तकनीकी दृष्टिकोण और वैश्विक स्तर पर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के बदलते स्वरूप पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि भारतीय आयुर्वेद और योग की विश्वभर में बढ़ती स्वीकार्यता हम सभी के लिए गर्व का विषय है और इस दिशा में कार्यरत संस्थानों की भूमिका भविष्य में और भी महत्वपूर्ण होने वाली है।
उन्होंने क्वाड्रा संस्थान द्वारा आयुर्वेद, नर्सिंग एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और सेवा-भाव ही किसी भी संस्थान को वैश्विक पहचान दिलाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भले ही वे अमेरिका में निवास करते हों, लेकिन अपने दादा चौधरी हरचंद सिंह एवं पिता डॉ. रकम सिंह से मिले संस्कारों के कारण भारत की संस्कृति, सेवा और नैतिक मूल्यों को सदैव अपने साथ रखते हैं।
संस्थान के सचिव डॉ. रकम सिंह ने इंजीनियर प्रवीण सिंह के मार्गदर्शन को छात्रों, चिकित्सकों एवं शिक्षकों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे सार्थक संवादों को निरंतर जारी रखने की बात कही।
इस अवसर पर संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षकगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।


