रुड़की। ढंडेरा में शराब कैंटीन संचालक अमन की हत्या के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने हत्याकांड से जुड़े एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शनिवार देर रात नगला इमरती के पास पुलिस ने बाइक सवार तीन संदिग्धों को घेरने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार देर रात ढंडेरा में शराब कैंटीन संचालक अमन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया। शनिवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड में शामिल संदिग्ध बाइक से नगला इमरती की ओर जा रहे हैं। सूचना पर सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी शुरू की।

बताया गया कि नगला इमरती के पास पुलिस ने बाइक सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश की पहचान सौरभ पुत्र देशराज निवासी ढंडेरा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सौरभ को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में उसने कथित तौर पर अमन हत्याकांड में अपने दो अन्य साथियों के साथ शामिल होने की बात बताई है। हालांकि, पुलिस अब उसके इस बयान की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका तथा हत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
इधर, मुठभेड़ के दौरान मौके से फरार हुए दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस ने आसपास के इलाके में कांबिंग अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस के लिए चुनौती: अमन हत्याकांड के बाद ताबड़तोड़ कार्रवाई से पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया है, लेकिन फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करना अब पुलिस के लिए अगली बड़ी चुनौती है।


