रुड़की। सोनी रोड़। 4 अक्टूबर।
त्योहारी सीजन से पहले हरिद्वार जिले में लोगों की सेहत से खिलवाड़ का एक और गंभीर मामला सामने आया है। रुड़की ब्लॉक के नन्हेड़ा अनेतपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने देर रात छापेमारी कर ऐसी पनीर निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया, जहां कथित तौर पर पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर से एनालॉग पनीर तैयार किया जा रहा था।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई का नेतृत्व उपायुक्त गढ़वाल मंडल आर.एस. रावत ने किया। टीम में सहायक आयुक्त हरिद्वार महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और पवन कुमार शामिल रहे। पुलिस बल एसपी देहात अभय प्रताप सिंह के सहयोग से उपलब्ध कराया गया।
20 किलो पामोलीन और 30 किलो मिल्क पाउडर बरामद
छापेमारी के दौरान मौके से करीब 20 किलो पामोलीन ऑयल और 30 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर बरामद किया गया। विभाग के अनुसार, पनीर निर्माता आजाद पुत्र ईसाक ने पूछताछ में पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर से पनीर तैयार करने की बात स्वीकार की। तैयार उत्पाद को बाजार में करीब 240 रुपये प्रति किलो की दर से बेचे जाने की बात भी सामने आई।
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद करीब 2 क्विंटल सेमी-प्रोसेस्ड पनीर और 20 किलो पामोलीन ऑयल को नष्ट कराया गया, जबकि स्किम्ड मिल्क पाउडर को सीज कर जब्त कर लिया गया।
‘पनीर’ के नाम पर क्या परोसा जा रहा था?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बाजार में उपभोक्ताओं को पनीर के नाम पर क्या बेचा जा रहा था। खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक, इकाई में उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रतिबंधित एनालॉग पनीर का निर्माण, संग्रह और विक्रय किया जा रहा था। कार्रवाई के बाद इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया है।
विभाग ने मौके से खुले पनीर, पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर के तीन विधिक नमूने लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा गया है। प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद मामले में आगे की कार्रवाई और तेज हो सकती है।
खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू
प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ के निर्माण के मामले में पनीर निर्माता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में एडीपीओ सत्यपाल सिंह, कांस्टेबल सुधीर कुमार, योगेंद्र सिंह, परीक्षित, सोनू पुरी तथा महिला कांस्टेबल रोमा और निर्मला भी शामिल रहे।


