देहरादून। सोनी रोड।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से स्वतंत्रता दिवस पर युवाओं के लिए घोषित “मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना” को प्रभावी ढंग से लागू कराने और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर भाजपा उत्तराखंड के व्यावसायिक प्रकोष्ठ ने पहल की है। प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सौरभ भूषण शर्मा ने मुख्यमंत्री से उनके आवास पर मुलाकात कर युवा रोजगार, उद्यमिता और व्यापारी हित से जुड़ी 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि प्रदेश का व्यापारी वर्ग उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। छोटे और मध्यम व्यापारी, युवा उद्यमी तथा स्वरोजगार से जुड़े लोग रोजगार सृजन के साथ प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री की युवा रोजगार एवं उद्यमिता संबंधी घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं को उचित प्रशिक्षण, उद्यम स्थापित करने के अवसर और समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाए तो वे रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार देने वाले उद्यमी बन सकते हैं। उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष कई सुझाव भी रखे।
व्यापारियों की 11 सूत्रीय मांगें
ज्ञापन में व्यापार सुगमता के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाने, लाइसेंस, पंजीकरण, नवीनीकरण और एनओसी की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन एवं समयबद्ध करने की मांग की गई। इसके अलावा जीएसटी और कर संबंधी प्रक्रियाओं को सरल बनाने तथा छोटे और मध्यम व्यापारियों को राहत देने की मांग रखी गई।
व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में राहत एवं स्थिरता, युवाओं और स्टार्टअप के लिए आसान शर्तों पर कम ब्याज दर में ऋण, स्थानीय उत्पाद, ओडीओपी, हस्तशिल्प, कृषि आधारित व्यवसाय और ई-कॉमर्स को प्रोत्साहन देने की मांग भी की गई।
व्यापारिक क्षेत्रों में अतिक्रमण और शुल्क व्यवस्था को पारदर्शी बनाने, अनावश्यक निरीक्षण एवं बार-बार चालान से राहत, पर्याप्त पार्किंग, सड़क, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता, पेयजल और कानून-व्यवस्था जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।
इसके साथ ही प्रत्येक जिले में जिला स्तरीय ‘व्यापार मंच’ गठित करने, मंडी शुल्क को 0.30 प्रतिशत की तर्ज पर लागू करने, आपदा प्रभावित व्यापारियों को आर्थिक एवं प्रशासनिक सहायता देने तथा पर्वतीय क्षेत्रों में विकास प्राधिकरण की व्यवस्था समाप्त कर व्यापार एवं निर्माण गतिविधियों को सरल बनाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
सरकार और व्यापारी समाज के बीच सेतु बनेगा प्रकोष्ठ
सौरभ भूषण शर्मा ने कहा कि मांगों का उद्देश्य सरकार और व्यापारी वर्ग के बीच टकराव पैदा करना नहीं, बल्कि बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने व्यापारियों और युवाओं से जुड़े विषयों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का सकारात्मक आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि युवा रोजगार और उद्यमिता संबंधी घोषणा को धरातल पर उतारने तथा व्यापारी हित की मांगों के समाधान के लिए व्यावसायिक प्रकोष्ठ सरकार और व्यापारी समाज के बीच प्रभावी सेतु के रूप में कार्य करता रहेगा।
प्रदेश सह-संयोजक लच्छू गुप्ता ने मुख्यमंत्री की युवा रोजगार एवं उद्यमिता संबंधी घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि 11 सूत्रीय मांगों पर मुख्यमंत्री का सकारात्मक रुख व्यापारियों के लिए आशाजनक है। वहीं प्रदेश सह-संयोजक प्रशांत वर्मा ने कहा कि युवा रोजगार और व्यापारी हित से जुड़े विषयों पर सरकार का सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगा।


