पिरान कलियर।सोनी रोड़। विधानसभा पिरान कलियर के ग्राम मूलदासपुर में अंडरपास के पास सर्विस रोड की मांग को लेकर मंगलवार को प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा भाजपा उत्तराखंड रोमा सैनी ग्रामीणों के साथ एनएच कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों और किसानों की समस्या को एनएच अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाते हुए जल्द समाधान की मांग की।
ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले करीब तीन वर्षों से अंडरपास के पास सर्विस रोड की मांग की जा रही है। वर्तमान में फसल तैयार होने के कारण उचित आवागमन का रास्ता नहीं होने से किसानों को ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य कृषि वाहनों को खेतों तक ले जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार को करीब 20 से 25 ग्रामीण एनएच कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एनएच के परियोजना निदेशक (PD) ने लिखित आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर अस्थायी आवागमन की व्यवस्था तथा एक माह के भीतर स्थायी सर्विस रोड की व्यवस्था कर दी जाएगी।
इस दौरान रोमा सैनी ने कहा कि सर्विस रोड की मांग केवल आवागमन की समस्या नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध किसानों की खेती और कृषि कार्यों से है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने जो समयसीमा तय की है, उसके अनुसार कार्य पूरा होने की उम्मीद है, जिससे ग्रामीणों और किसानों को राहत मिलेगी।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान देवराज, मांगेराम, सैनी महापंचायत के प्रदेश अध्यक्ष अंकित सैनी, विपिन सैनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


