रुड़की।सोनी रोड़। पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र में होली के पावन अवसर पर श्री ओम विश्वविद्यालय (पूर्व में ओम ग्रुप ऑफ कॉलेज) के विशाल एवं सुसज्जित परिसर में “होली मिलन समारोह (फूलों की होली)” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से हजारों की संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर उत्साह, उमंग और सामाजिक सौहार्द का परिचय दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरी महाराज ने की। उन्होंने अपने आशीर्वचन में कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि हृदयों को जोड़ने का पावन अवसर है। यह पर्व भेदभाव मिटाकर प्रेम, समरसता और भाईचारे का संदेश देता है।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी, उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री (संगठन) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, अजेय जी, सागर गोयल (जिला अध्यक्ष, अन्य पिछड़ा वर्ग), आदित्य चौधरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे।
आयोजन के संयोजक मुनीश कुमार सैनी (अध्यक्ष, श्री ओम विश्वविद्यालय, रुड़की; संयोजक, पिरान कलियर विधानसभा) ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि रंगों का यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सौहार्द के रंग भरने वाला बने।
समारोह में विभिन्न मंडल अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया।
रंगों और पुष्पवर्षा के बीच आयोजित यह कार्यक्रम न केवल होली का उत्सव बना, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का प्रेरणादायक उदाहरण भी सिद्ध हुआ।


