उद्योग मंत्री ने सुनीं उद्यमियों की समस्याएं, समाधान का दिया भरोसा
लघु उद्योग भारती के उद्योग संवाद एवं सम्मान समारोह में 200 से अधिक उद्यमी शामिल, भगवानपुर और रुड़की ग्रामीण इकाई गठन की घोषणा

रुड़की। लघु उद्योग भारती उत्तराखंड की रुड़की नगर और सिडकुल (पुराना औद्योगिक क्षेत्र) इकाइयों की ओर से आयोजित ‘उद्योग संवाद एवं सम्मान समारोह’ में 200 से अधिक उद्यमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री भरत चौधरी ने उद्यमियों की समस्याएं सुनते हुए उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
उद्योग मंत्री ने कहा कि लघु उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा और उनके शीघ्र समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के विकास और उद्यमियों की चिंताओं के प्रति गंभीर है।
कार्यक्रम का संचालन रुड़की नगर इकाई के जिलाध्यक्ष केतन भारद्वाज ने किया। प्रदेश प्रभारी कैलाश मेलाना ने आयोजन को संगठन की एकजुटता और कार्यशैली का उदाहरण बताते हुए हरिद्वार जिले में भगवानपुर और रुड़की ग्रामीण इकाइयों के गठन की घोषणा की। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विजय सिंह तोमर ने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम उद्योग, सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राहुल देव ढंड ने उद्योगों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में संगठन की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
समारोह में लघु उद्योग भारती की ओर से रुड़की के वरिष्ठ पत्रकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को विधायक प्रदीप बत्रा, मेयर अनीता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, देशराज कर्नवाल, महाप्रबंधक उत्तम कुमार तिवारी, सिडकुल के रीजनल मैनेजर कमल किशोर और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रीजनल मैनेजर डॉ. राजेंद्र सिंह समेत कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने संबोधित किया।
अंत में सिडकुल इकाई के जिलाध्यक्ष मनोज गौतम ने सभी अतिथियों, अधिकारियों और उद्यमियों का आभार व्यक्त किया।


