रुड़की। सोनी रोड़।आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर समर्पण जनकल्याण संगठन ट्रस्ट, रुड़की की बैठक श्री साईं मेडिकल सेंटर, चावमंडी स्थित समर्पण कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संस्था द्वारा पिछले 26 वर्षों से संचालित कांवड़ सेवा शिविर एवं भंडारा इस वर्ष भी कांवड़ पटरी मार्ग स्थित सलोनी पार्क, गंगा माता मंदिर के सामने लगाया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता रवि कपूर ने की, जबकि संचालन कांवड़ प्रभारी संजीव सैनी ने किया।
संस्था के अध्यक्ष नरेश यादव ने बताया कि कांवड़ सेवा शिविर एवं भंडारे का शुभारंभ 29 जुलाई को सायं 6 बजे विधिवत पूजा-अर्चना एवं उद्घाटन के साथ होगा। यह सेवा शिविर 9 अगस्त तक लगातार 24 घंटे संचालित रहेगा। शिवभक्त कांवड़ियों के लिए निःशुल्क भोजन, जलपान और प्राथमिक चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि 11 अगस्त को महाशिवरात्रि के अवसर पर सिविल लाइंस स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक के बाद प्रसाद वितरण के साथ सेवा शिविर का विधिवत समापन किया जाएगा।
बैठक में सेवा शिविर की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सभी सदस्यों ने सेवा कार्य को सफल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महामंत्री प्रदीप गोयल, कोषाध्यक्ष शशिकांत अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विकास गुप्ता, अरुण कोहली, स्वास्थ्य प्रभारी संदीप गोयल, सरवन सैनी, शेर सिंह सारण, गौरव गोयल, कुलदीप सिंह, नवीन त्यागी, सनी अरोड़ा, शैलेश बंसल, विकास सैनी, मनोज मेहरा, इंद्रजीत सिंह, नवीन पुरी, दीपक अग्रवाल, अजय शर्मा सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


