लक्सर। लक्सर कोतवाली पुलिस ने शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान की गुमशुदगी के मामले का खुलासा करते हुए कथित ब्लाइंड मर्डर का सनसनीखेज पर्दाफाश किया है। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश और खनन कारोबार में मुखबिरी को लेकर चार लोगों ने अंकित की हत्या कर उसके शव को मोटरसाइकिल के साथ बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया था। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, 2-3 अगस्त की रात अंकित चौहान मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में वह अचानक लापता हो गया और उसका मोबाइल भी बंद हो गया। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली लक्सर में गुमशुदगी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही टावर लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। मैनुअल पुलिसिंग के दौरान पुलिस को अंकित की गांव के ही रहने वाले कुछ लोगों से पुरानी रंजिश की जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित चौहान उर्फ फौजी की मृतक से रंजिश चल रही थी। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार की और बताया कि अंकित को रास्ते में रोककर उसकी हत्या की गई तथा शव को मोटरसाइकिल के साथ बांधकर शिवपुरी गांव के पास खुसरो की ठोकर क्षेत्र में गंगा नदी में डुबो दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि मृतक द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली खनन के संबंध में मुखबिरी किए जाने से उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा था, जिसके चलते उन्होंने कथित तौर पर अंकित को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने SDRF की टीम और गोताखोरों की मदद ली। काफी प्रयास के बाद गंगा नदी से मृतक का शव और उसकी मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 103, 238 और 61(2) BNS की बढ़ोतरी की है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अंकित चौहान उर्फ फौजी पूर्व में थाना खानपुर से हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी, SSI नितिन चौहान, चौकी प्रभारी रायसी राजीव उनियाल, चौकी प्रभारी भीकमपुर यशवीर नेगी समेत पुलिस टीम की भूमिका रही।


