रुड़की। सोनी रोड़। इनर व्हील क्लब ऑफ रुड़की द्वारा गुरुवार 12 मार्च को हेमंत हॉस्पिटल में डॉ. रचित आहूजा के सहयोग से निःशुल्क थर्मल स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया। कैंप सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला, जिसमें महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ब्रेस्ट कैंसर की प्रारंभिक जांच और जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया।
कैंप के दौरान कुल 25 महिलाओं की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। विशेषज्ञों ने महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण, समय पर जांच की आवश्यकता और बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम में क्लब की सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। उपस्थित महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य कैंप महिलाओं के लिए बेहद उपयोगी हैं और इससे गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव हो पाती है।
इस अवसर पर सुजाता आहूजा, चंचल वाधवा, क्लब प्रेसिडेंट रजनी नागपाल, सरिता अरोड़ा और नेहा गुलाटी मौजूद रहीं।
इनर व्हील क्लब ऑफ रुड़की की ओर से कहा गया कि भविष्य में भी समाजहित में इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।


