भगवानपुर/रुड़की। सोनी रोड़।
भगवानपुर क्षेत्र में मिले अज्ञात युवक के शव की गुत्थी को हरिद्वार पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर सुलझाते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह रही कि हत्या में शामिल अधिकांश आरोपी पढ़े-लिखे युवक हैं, जिनमें कोई बीटेक, कोई ग्रेजुएट, कोई पॉलीटेक्निक और कोई बी-फार्मा का छात्र है। मामूली विवाद के बाद युवकों ने होटल में एक युवक को लाठी-डंडों और मुक्कों से इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई, फिर शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार 17 मई 2026 को बहबलपुर से लव्वा गांव जाने वाले रास्ते पर नदी किनारे एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिले थे, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की भेजा गया।
NETGRID पोर्टल बना जांच में गेम चेंजर
हरिद्वार पुलिस ने गृह मंत्रालय द्वारा संचालित NETGRID पोर्टल का इस्तेमाल करते हुए मृतक की फोटो अपलोड की। पोर्टल ने चेहरे से मिलते-जुलते करीब 10 लोगों की जानकारी उपलब्ध कराई। इसके बाद पुलिस टीमों को सहारनपुर, बिजनौर, देवबंद, मुरादाबाद और हिमाचल तक भेजा गया।
आखिरकार मृतक की पहचान कलीम पुत्र मुरादू निवासी बचीटी, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
होटल में खाने पहुंचे थे दोनों भाई
जांच में सामने आया कि मृतक कलीम और उसका भाई कामिल काम की तलाश में भगवानपुर आए थे। देर रात दोनों खाना खाने के लिए “धरोहर होटल” पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर होटल संचालकों और उनके साथियों से विवाद हो गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने दोनों भाइयों को पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान कामिल किसी तरह जान बचाकर भाग निकला, लेकिन कलीम को आरोपियों ने बेरहमी से पीटा। मारपीट इतनी बर्बर थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी शव को कार की डिग्गी में डालकर लव्वा गांव के पास नदी किनारे फेंक आए।
पढ़े-लिखे आरोपी निकले हत्यारे
पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है —
सौरभ चौहान — बीटेक
अंकित कुमार — ग्रेजुएट
हर्ष — पॉलीटेक्निक
अनमोल सैनी — बीए
विशाल सैनी — बी-फार्मा
जबकि दो आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने बरामद किए अहम साक्ष्य
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडे, मृतक का मोबाइल फोन और वह क्रेटा कार भी बरामद कर ली है जिसमें शव को ले जाया गया था।
इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह सहित भगवानपुर पुलिस, सीआईयू हरिद्वार और रुड़की की संयुक्त टीम शामिल रही।


