इमलीखेड़ा में प्रदेश स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

शहीद सोनित सैनी एवं विकास सैनी मेमोरियल टूर्नामेंट में प्रदेशभर के खिलाड़ियों को मिल रहा मंच, रोमा सैनी के नेतृत्व में आयोजित हो रही प्रतियोगिता
रुड़की। इमलीखेड़ा में शहीद सोनित सैनी एवं विकास सैनी मेमोरियल प्रदेश स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने रिबन काटकर किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं विधानसभा अध्यक्ष ने प्रतियोगिता में भाग ले रहे युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता का आयोजन खेलो स्कूल स्पोर्ट प्रमोशन ट्रस्ट की ओर से किया जा रहा है, जबकि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी इस आयोजन की प्रमुख आयोजक हैं। शहीद सोनित सैनी एवं विकास सैनी की स्मृति में आयोजित इस टूर्नामेंट का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और स्थानीय सहित प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और मेहनत व लगन के बल पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों और अतिथियों ने प्रतियोगिता को युवाओं के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ ही प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, इमलीखेड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज सैनी, चेयरमैन राजीव गर्ग, सांसद प्रतिनिधि विक्रम गर्ग, देशपाल रोड, सतबीर रोड, सुरेश रोड, अनिल पाल तथा फोनिक्स संस्थान के अध्यक्ष चैरब जैन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रदेश स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।


