रुड़की। सोनी रोड़
“बेटियां अगर आगे बढ़ेंगी तो समाज आगे बढ़ेगा” — इसी सोच को साकार करने के उद्देश्य से आयोजित होने जा रहा है ‘रोड़ गर्ल्स स्पोर्ट्स महाकुंभ 2026’, जो समाज की बेटियों को शिक्षा के साथ-साथ साहस, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता के पथ पर अग्रसर करने का प्रयास है।
रांघड़वाला निवासी दिव्या, जिनके पति जैदपुरा से बीएसएफ में अधिकारी हैं और फिलहाल मेघालय के गुवाहाटी में पोस्टेड हैं, इस पहल से गहराई से जुड़ गई हैं। दिव्या बताती हैं कि उन्होंने यह अभियान अपने जीजा जी के सोशल मीडिया स्टेटस के माध्यम से जाना — “रोजाना मैं उनके द्वारा पोस्ट किए जा रहे पोस्टर्स देखती थी, जिनमें लड़कियों के लिए खेल प्रतियोगिता की बातें होती थीं। कल ही मैंने उनके कहने पर लखनौर क्रिकेट रोड कप टूर्नामेंट पर एक वीडियो बनाया, जिसे लोगों ने खूब प्यार दिया।”
दिव्या का कहना है कि —“लड़कियों के लिए केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि समाज में साहसिक बनना, आत्मविश्वास विकसित करना और अपने विचार खुलकर रखना भी उतना ही जरूरी है। जब समाज मिलकर बेटियों के साथ खड़ा होता है, तो वे जीवन में संघर्ष नहीं, सफलता का रास्ता चुनती हैं।”
उन्होंने बताया कि इस महाकुंभ में छोटी से बड़ी सभी उम्र की लड़कियों को भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यह केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक सामाजिक जागरण अभियान है, जो यह संदेश देता है कि ‘खेल से ही व्यक्तित्व और आत्मविश्वास का निर्माण होता है।’
डॉ. देव के मार्गदर्शन में यह आयोजन फरवरी माह में प्रस्तावित है, जिसमें लड़कियों के लिए विशेष रेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को अवसर देना और उन्हें शिक्षा, खेल और समाज से जोड़ना है।
दिव्या आगे कहती हैं —
“अगर हमें बचपन से ही नए युग की शिक्षा और अवसर मिले होते, तो आज समाज की कई बेटियां अपने सपनों को घर की दीवारों में कैद न करतीं। हमें अपनी बेटियों को खुलकर जीना सिखाना होगा — और खेल इसके लिए सबसे बड़ा माध्यम है।”
उन्होंने समाज के लोगों से अपील की —“हर गांव में खेल का मैदान बनाइए, जैसे पहले हुआ करता था। छोटी-छोटी बेटियों को खेल से जोड़िए, यही आत्मविश्वास और नई सोच का सबसे मजबूत आधार है।”
‘रोड गर्ल्स स्पोर्ट्स महाकुंभ 2026’ न केवल एक प्रतियोगिता है, बल्कि एक सामाजिक क्रांति है — जो बेटियों को आगे बढ़ाने और उनके भीतर छिपे जज़्बे को पहचानने की दिशा में एक सशक्त कदम है।


