रुड़की।सोनी रोड़।कन्हैया लाल डीएवी (पीजी) महाविद्यालय, रुड़की में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव 2026 की मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सुबह 9 बजे शुरू हुआ मतदान दोपहर 1 बजे तक चला। चुनाव में कुल 335 मत पड़े, जिनमें 148 छात्र और 187 छात्राएं शामिल रहीं। कॉलेज में चुनाव को लेकर NSUI और ABVP के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला था।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद NSUI ने छह में से चार प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की, जबकि महासचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद एबीवीपी की झोली में गए। चुनाव परिणाम में NSUI के आर्यन चौधरी अध्यक्ष, मयंक उपाध्यक्ष, अंजली शर्मा कोषाध्यक्ष और खुशी धीमान सह सचिव निर्वाचित हुए। वहीं महासचिव पद पर पारस पंवार तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर निधि पाल एबीवीपी के निर्वाचित होने की जानकारी सामने आई है।
मतदान से पहले कॉलेज में छह पदों के लिए प्रत्याशियों के बीच मुकाबला था। अध्यक्ष पद पर आर्यन और देवराज, उपाध्यक्ष पद पर मयंक और रजत तथा अन्य पदों पर भी NSUI और ABVP समर्थित प्रत्याशी आमने-सामने थे।
सचिन चौधरी ने छात्रों को दिया जीत का श्रेय
NSUI के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं वर्तमान युवा जिला अध्यक्ष सचिन चौधरी ने चुनाव परिणाम के बाद जीत का श्रेय कॉलेज के सभी छात्र-छात्राओं को दिया। उन्होंने कहा कि छात्रों के समर्थन और विश्वास से NSUI को सफलता मिली है। उन्होंने निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए छात्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
वहीं NSUI के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित आर्यन चौधरी ने कहा कि छात्रसंघ सभी छात्रों को साथ लेकर काम करेगा। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता छात्रहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने और महाविद्यालय के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने की होगी। उन्होंने सभी छात्रों के सहयोग से मिल-जुलकर काम करने की बात कही।
कांग्रेस नेताओं ने दी शुभकामनाएं
चुनाव परिणाम के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देने के लिए कांग्रेस नेता सचिन गुप्ता, सुभाष सैनी, हेमेन्द्र चौधरी पूर्व एनएसयूआई जिला अध्यक्ष सुधीर शांडिल्य और नीरज अग्रवाल भी पहुंचे। उन्होंने विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी और छात्रहित में काम करने की शुभकामनाएं दीं।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान कॉलेज प्रशासन, चुनाव अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और पुलिस प्रशासन की ओर से व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए। मतदान और मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट पर संस्थान के संपर्क विवरण और अन्य प्रशासनिक जानकारी उपलब्ध है।


