रुड़की , 20 सितंबर। सोनी रोड़ भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की में आयोजित दो दिवसीय दीक्षांत समारोह-2026 का रविवार को समापन हुआ। समारोह के दूसरे दिन स्नातकोत्तर एवं डॉक्टोरल छात्रों को उपाधियां प्रदान की गईं। इस दौरान संस्थान ने 518 पीएचडी डिग्रियां प्रदान कर अब तक की सर्वाधिक डॉक्टोरल डिग्रियां प्रदान करने का रिकॉर्ड बनाया।

समारोह के दूसरे दिन कुल 1,424 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें 903 स्नातकोत्तर, 518 पीएचडी तथा 3 एमएस बाय रिसर्च की डिग्रियां शामिल रहीं। संस्थान के अनुसार राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के तहत पहली बार एमएस बाय रिसर्च की डिग्री भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में हीरो मोटोकॉर्प के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हर्षवर्धन छिताले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं आईआईटी रुड़की के प्रतिष्ठित पूर्व छात्र, ऑयलमैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक तथा एशियन एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. कपिल गर्ग विशिष्ट अतिथि रहे। दोनों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए निरंतर सीखने, शोध, नवाचार और ज्ञान को समाजोपयोगी समाधानों में बदलने पर जोर दिया।
आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत ने कहा कि 518 पीएचडी डिग्रियों का प्रदान किया जाना संस्थान के इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान में शोध तंत्र की मजबूती और उन्नत अनुसंधान के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से ज्ञान, नवाचार और शोध के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र की चुनौतियों के समाधान में योगदान देने का आह्वान किया।
दीक्षांत समारोह के दूसरे दिन स्नातकोत्तर एवं डॉक्टोरल विद्यार्थियों को कुल 71 पुरस्कार और 33 पदक प्रदान किए गए। इनमें संस्थान तथा विभिन्न दानदाताओं की ओर से प्रायोजित पुरस्कार एवं पदक शामिल रहे।
समारोह में आईआईटी रुड़की के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के चेयरमैन एडवोकेट हरीश साल्वे ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डिग्री प्राप्त करना ज्ञान की यात्रा का अंत नहीं, बल्कि नए सवालों, संभावनाओं और जिम्मेदारियों की शुरुआत है।
इस वर्ष प्रदान की गई 903 स्नातकोत्तर डिग्रियों में एम.टेक., एम.एससी., एम.आर्क., एमबीए, एम.डिजाइन, मास्टर ऑफ अर्बन एंड रूरल प्लानिंग, एग्जीक्यूटिव एमबीए और पीजी डिप्लोमा सहित विभिन्न पाठ्यक्रम शामिल रहे। पीएचडी श्रेणी में 346 छात्र और 172 छात्राएं शामिल रहीं।
दो दिवसीय दीक्षांत समारोह में कुल 2,701 डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें 1,277 स्नातक, 903 स्नातकोत्तर, 518 पीएचडी और 3 एमएस बाय रिसर्च डिग्रियां शामिल हैं।
इस अवसर पर आईआईटी रुड़की के उप निदेशक प्रो. प्रवीण कुमार, डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एन.के. नवानी सहित संस्थान के अधिकारी, शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं उनके परिजन मौजूद रहे। संस्थान की ओर से सभी डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके परिवारों, शिक्षकों, मार्गदर्शकों और कर्मचारियों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


