11-12 अक्टूबर को फिनिक्स विश्वविद्यालय इमलीखेड़ा में होगा प्रदेश स्तरीय कबड्डी टूर्नामेंट, ऋतु खंडूड़ी करेंगी उद्घाटन, त्रिवेंद्र सिंह रावत होंगे समापन समारोह के मुख्य अतिथि

रुड़की। महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के प्रयासों के बाद अब खेल प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी ने नई पहल की है। शहीद सोनित सैनी एवं शहीद विकास सैनी की स्मृति को समर्पित शहीद सोनित एवं विकास सैनी मेमोरियल कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन 11 एवं 12 अक्टूबर को नगर पंचायत इमलीखेड़ा, विधानसभा पिरान कलियर स्थित फिनिक्स विश्वविद्यालय में किया जाएगा।
इसी आयोजन को लेकर रोमा सैनी के कैंप कार्यालय पर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। बताया गया कि प्रतियोगिता में उत्तराखंड के किसी भी जिले से खिलाड़ी और टीमें प्रतिभाग कर सकेंगी। इच्छुक खिलाड़ियों और टीमों के लिए पंजीकरण की व्यवस्था की गई है।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए प्रथम पुरस्कार 11 हजार रुपये तथा द्वितीय पुरस्कार 5,100 रुपये रखा गया है। इसके साथ ही विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और खिलाड़ियों को मेडल प्रदान किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, स्थानीय एवं ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा शहीदों की स्मृति को सम्मानपूर्वक जीवंत रखना है।
11 अक्टूबर को होने वाले उद्घाटन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खंडूड़ी भूषण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं 12 अक्टूबर को समापन समारोह में हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित करेंगे।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे। आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण अंतरराष्ट्रीय शूटिंग खिलाड़ी एवं चैंपियन सूरज रोड की मौजूदगी भी रहेगी।
प्रेस वार्ता में आयुष सैनी, कनिका सैनी, बृजपाल धीमान, राम गोपाल कंसल, संजय प्रजापति, देशपाल रोड, अशोक सैनी, संजय सैनी सहित भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रोमा सैनी ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का माध्यम हैं। इस आयोजन के जरिए प्रयास है कि शहीदों की स्मृति को नमन करते हुए नई पीढ़ी को खेलों के मैदान से जोड़ा जाए।

