रुड़की, 26 सितंबर। सोनी रोड़।सेवा संकल्प अभियान ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के तहत नगर निगम रुड़की के सभागार में बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 25 विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी।

शिविर में कुल 2,348 नागरिकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न समस्याओं से संबंधित नौ शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार का मौके पर ही निस्तारण किया गया। प्रमाण-पत्रों एवं अन्य सेवाओं के लिए 203 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि 426 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं, जिससे समय और संसाधनों की बचत होती है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और पात्र लोगों को भी योजनाओं की जानकारी दें।
शिविर में उत्तराखंड राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष अजीत चौधरी, मेयर अनीता अग्रवाल, राज्यमंत्री आदेश सैनी, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति व दिनेश कौशिक, ब्लॉक प्रमुख लुबना राव, भाजपा नेता सुशील त्यागी, मंडल अध्यक्ष बृजमोहन सैनी, प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा अनीस गौड, नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज सैनी, विनय शर्मा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, खंड विकास अधिकारी सुमन कुटियाल सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।


