रुड़की।सोनी रोड़।नए राशन कार्ड नहीं बनाए जाने, केवाईसी प्रक्रिया में हो रही देरी तथा आम लोगों को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के बार-बार चक्कर लगाने पड़ने के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट के नेतृत्व में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।

धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि हजारों पात्र परिवार लंबे समय से राशन कार्ड बनवाने के लिए भटक रहे हैं, लेकिन विभाग उनकी सुनवाई नहीं कर रहा। उन्होंने कहा कि बीपीएल राशन कार्ड नहीं बनने से गरीब परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को भी केवाईसी और राशन कार्ड संबंधी कार्यों के लिए कई-कई बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि रुड़की और नारसन ब्लॉक के लाखों लोगों के लिए केवल एक ही कार्यालय होने से आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
राजेंद्र चौधरी ने मांग की कि नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए, लंबित बीपीएल कार्ड आवेदनों का शीघ्र निस्तारण हो, केवाईसी प्रक्रिया को सरल बनाया जाए तथा रुड़की और नारसन क्षेत्र के लिए अलग-अलग व्यवस्था की जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राशन कार्ड बनवाने के नाम पर सक्रिय गिरोह जनता से वसूली कर रहे हैं, जिन पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर विभाग की कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस जनहित में बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को उनके अधिकारों से वंचित करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सरकार से महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए अलग लाइन की व्यवस्था करने तथा विभाग में व्याप्त अव्यवस्थाओं और भ्रष्टाचार पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर नए राशन कार्डों का निर्माण शुरू करने, लंबित आवेदनों का निस्तारण, केवाईसी संबंधी समस्याओं का समाधान तथा रुड़की और नारसन के लिए अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष डॉ. हरविंदर सिंह, मदनपाल भड़ाना, सलीम खान, मुनफैत अली, रिजवान अहमद, यासमीन खान, वीणा आनंद, कहकशां, आशीष चौधरी, ओवैस अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


