रामपुर तिराहा।
उत्तराखण्ड आंदोलन के अमर शहीदों की स्मृति में आज रामपुर तिराहा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आंदोलन के दौरान दिए गए बलिदान को याद कर शहीदों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की गई।
कार्यक्रम में झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जात्ती ने कहा कि “रामपुर तिराहा राज्य निर्माण के इतिहास का अमिट अध्याय है। आंदोलनकारियों की कुर्बानी के बिना अलग उत्तराखण्ड राज्य की कल्पना अधूरी थी। उन्हीं के बलिदान से आज हम स्वतंत्र रूप से विकास की दिशा में आगे बढ़ पा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से उत्तराखण्ड आंदोलनकारियों के योगदान का सम्मान करती रही है और आगे भी शहीदों के सपनों के अनुरूप राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि शहीदों के आदर्शों और त्याग को आत्मसात कर वे जनसेवा, पारदर्शिता और विकास की राह पर निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे।


