रुड़की, 15 अक्टूबर। हरिद्वार विश्वविद्यालय में पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के उपलक्ष्य में विश्व विद्यार्थी दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नवाचार, उद्यमिता, वैज्ञानिक सोच और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में PHIMACH Aerospace Pvt. Ltd. के सीईओ एवं संस्थापक डॉ. महर्षि सुभाष ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नए विचारों पर काम करने, तकनीकी ज्ञान का व्यावहारिक उपयोग करने और रोजगार तलाशने के साथ रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय के अध्यक्ष सीए एसके गुप्ता, उपाध्यक्ष नमन बंसल और कुलपति डॉ. राजीव महाजन ने भी विद्यार्थियों को डॉ. कलाम के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने शिक्षा के साथ तकनीकी दक्षता, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और रचनात्मक सोच को अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक, स्किट और डॉ. कलाम के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और देशभक्ति का संदेश दिया। इसके अलावा तकनीकी ज्ञान, समस्या समाधान और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर डॉ. आदेश के. आर्य ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि नवाचार, उद्यमिता, नेतृत्व क्षमता और व्यावहारिक कौशल भी विकसित करने चाहिए। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति से सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. हिमांशु वर्मा, डॉ. रोहित कुमार, सुश्री जिया सजीव, डॉ. रोशन ठाकुर, डॉ. एकता जैन और डॉ. धीरज सहित अन्य सहयोगियों की भूमिका रही। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा के साथ हुआ।


