हरिद्वार। सोनी रोड़। जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सघन सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर कोतवाली रानीपुर पुलिस ने थाना क्षेत्र में संचालित होम डिलीवरी संस्थानों पर विशेष सत्यापन अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न संस्थानों में जाकर डिलीवरी से जुड़े कर्मचारियों के पहचान पत्र, निवास पते और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। साथ ही कर्मचारियों के सत्यापन की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया।
पुलिस ने संस्थान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपने यहां कार्यरत सभी कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं। बिना सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को डिलीवरी कार्य में न लगाया जाए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सत्यापन अभियान का उद्देश्य जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोकना है।
कोतवाली रानीपुर पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


