गौसगढ़।सोनी रोड़। गौसगढ़ रोड़ प्रीमियर लीग 2026 के अंतर्गत 3 मार्च को गौशाला मैदान पर रोड समाज के पूर्व एवं रिटायर्ड खिलाड़ियों के लिए एक विशेष प्रदर्शनी मैच का आयोजन किया गया। इस मुकाबले में चार टीमों ने हिस्सा लिया और मैदान पर अनुभव, उत्साह और भाईचारे की बेहतरीन पारी देखने को मिली।

क्रिकेट की दुनिया में कभी अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी से पहचान बनाने वाले रणधीर सिंह भैंसराऊ, धर्मवीर भैंसराऊ, स्पिन के जादूगर भोजपुरी के सुरेश कुमार, अपने समय के महान खिलाड़ी दो भाई पवन कुमार उर्फ सुरेंद्र हरिद्वार, वीरेंद्र हरिद्वार, गौरव लखनौर, प्रवीण कुमार दिवालहेड़ी, राज सिंह दिवालहेड़ी, अमित बकडोली, सोनू बकडोली, चुन्नू बकड़ोली, सुबोध प्रधान बकडोली,गंदेवड़ा से किसान नेता अनिल मैहला, प्रदीप खानपुर, बिल्लू ज्ञानयामजरा सहित अनेक खिलाड़ियों ने मैदान में उतरकर पुराने दिनों की यादें ताजा कर दीं।

मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार स्ट्रोक प्ले, सधी हुई गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। हर चौके-छक्के पर तालियों की गूंज सुनाई दी, तो सटीक यॉर्कर और बेहतरीन कैच ने भी दर्शकों को रोमांचित किया।

गौसगढ़ समिति द्वारा सभी पूर्व खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने इसे भाईचारे और खेल भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। समिति ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे दिग्गज खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

समिति की ओर से समस्त गौसगढ़ निवासियों और रोड समाज के लोगों को आमंत्रित करते हुए कहा गया कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने पुराने खिलाड़ियों से मिलें और इस शानदार आयोजन के साक्षी बनें। गांव के सहयोग और समाज के खिलाड़ियों की एकजुटता से यह टूर्नामेंट सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा आपसी सौहार्द को नई मजबूती दे रहा है।



