रुड़की, 21 अप्रैल।सोनी रोड़।भारत विकास परिषद, मुख्य शाखा रुड़की द्वारा समाजसेवा के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए निःशुल्क कृत्रिम अंग सेवा प्रकल्प का शुभारंभ किया गया। यह सेवा अभियान आगामी तीन माह तक संचालित किया जाएगा, जिसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए जाएंगे।
कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व संस्था के पदाधिकारियों ने गौशाला पहुंचकर गौ सेवा की। इस दौरान गौ पूजन किया गया तथा गौ माता को चारा अर्पित किया गया। इसके बाद गौशाला सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में संस्था पदाधिकारियों ने योजना की विस्तृत जानकारी दी।

संस्था की अध्यक्ष आशा चंद्रा ने बताया कि परिषद लंबे समय से समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय है और कृत्रिम अंग सेवा प्रकल्प को शीघ्र ही व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने में सहयोग देना है।
प्रकल्प संयोजक सचिन गुप्ता ने योजना की प्रक्रिया, उद्देश्य एवं लाभार्थियों के चयन की जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक एवं पात्र लाभार्थी आवेदन कर सकते हैं। वरिष्ठ समाजसेविका पूजा गुप्ता ने बताया कि लाभार्थियों को अपनी दो फोटो, आधार कार्ड की प्रति तथा दिव्यांगता प्रमाण पत्र जमा करना होगा।
संस्था के सत्येंद्र गुप्ता ने कहा कि भारत विकास परिषद वर्षों से स्वास्थ्य शिविर, कृत्रिम अंग वितरण और अन्य सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाजसेवा करती आ रही है।
संस्था की सचिव निधि शांडिल्य ने बताया कि आवेदन हेतु लाभार्थी परिषद के सदस्य अशोक गुप्ता, इंदु रावल, वीणा जैन एवं कमलेश अग्रवाल से संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं।
प्रेसवार्ता में अजय सिंघल, शशिकांत अग्रवाल, सौरभ सिंघल, सावित्री मंगला, पारुल गोयल, प्रमोद गोयल, ललित तायल, मयंक गुप्ता, संजय सिंघल, आराध्या गोयल, अनिल जैन, संदीप गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


