रुड़की।सोनी रोड़।उत्तराखंड सरकार द्वारा अधिवक्ता विशाल वर्मा को क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (परिवहन विभाग) में नामित सदस्य नियुक्त किए जाने पर रुड़की के व्यापारिक संगठनों में खुशी की लहर है। इस अवसर पर वरिष्ठ व्यापारी नेता पंकज सिंघल के नेतृत्व में व्यापारियों ने विशाल वर्मा का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

स्वागत समारोह में व्यापारियों ने कहा कि विशाल वर्मा की नियुक्ति शहर और परिवहन क्षेत्र के लिए लाभदायक साबित होगी। उन्हें उम्मीद है कि अब परिवहन व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा और उनका समयबद्ध समाधान होगा।
इस अवसर पर विशाल वर्मा ने उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता परिवहन से जुड़े लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना, विभाग और सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान कराना तथा परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहेगा।
उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान भी व्यापारी समाज के साथ मिलकर शिवभक्तों की सुविधाओं और शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
व्यापारियों ने कहा कि रुड़की से विधायक प्रदीप बत्रा के परिवहन मंत्री बनने के बाद शहर को परिवहन क्षेत्र में नई सौगातें मिल रही हैं। रुड़की बस अड्डे के जीर्णोद्धार का कार्य तेजी से चल रहा है और यात्रियों के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। व्यापारियों ने विश्वास जताया कि विशाल वर्मा की सक्रिय भूमिका से परिवहन सेवाओं में और सुधार होगा तथा शहर के विकास को नई गति मिलेगी।
स्वागत कार्यक्रम में पंकज सिंघल, विपुल अग्रवाल, एडवोकेट विपिन वर्मा, एडवोकेट अनिकेत गोयल, आकाश जैन, योगेश सिंघल, रोहित गुप्ता सहित अनेक व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


