रुड़की। सोनी रोड़। श्री सनातन धर्म रक्षिणी सभा की ओर से संचालित श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर (सिविल लाइन) एवं श्री मुक्तेश्वर शिव मंदिर (पहाड़ी बाजार) में आगामी 10 एवं 24 अगस्त को आयोजित होने वाली भगवान शिव की भव्य श्रृंगार आरती एवं कांवड़ियों की सेवा को लेकर शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।

सभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं मंत्री सौरव भूषण शर्मा ने बताया कि सावन माह में बड़ी संख्या में आने वाले शिवभक्तों और कांवड़ियों को देखते हुए मंदिर परिसर में पुरुषों एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग दर्शन कतारें बनाई जाएंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, माइक एवं साउंड सिस्टम के साथ-साथ भगवान शिव के भव्य श्रृंगार के लिए विशेष फूलों की व्यवस्था भी की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में हर वर्ष हजारों श्रद्धालु शामिल होकर भगवान शिव के दर्शन और श्रृंगार आरती का लाभ प्राप्त करते हैं।
सभा के कोषाध्यक्ष भगवान स्वरूप ने बताया कि कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के लिए जलपान, सुरक्षा और सुगम दर्शन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य रोहित शर्मा ने कहा कि सावन माह में भगवान शिव का अभिषेक एवं श्रृंगार विशेष फलदायी माना जाता है और इस दौरान दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं पर भोलेनाथ की विशेष कृपा होती है। वहीं आचार्य सचिन शर्मा ने कहा कि भगवान शिव की सेवा और भव्य आरती का आयोजन करना मंदिर समिति के लिए सौभाग्य की बात है।
बैठक के बाद प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल (संगठन जिला रुड़की), विश्व हिंदू महासंघ (उत्तराखंड), भारत एवं मां शाकुंभरी देवी सेवा परिवार के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक भी आयोजित हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि विभिन्न तिथियों पर अलग-अलग संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के लिए प्रसाद वितरण किया जाएगा।
व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अनुप राणा, नगर महामंत्री राकेश बजाज, प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश गर्ग तथा विश्व हिंदू महासंघ के जिला उपाध्यक्ष प्रमोद रस्तोगी ने कहा कि सभी संगठन मिलकर श्रद्धालुओं की सेवा और आयोजन की सफलता के लिए पूर्ण सहयोग करेंगे।
बैठक में मां शाकुंभरी देवी सेवा परिवार, ब्रह्म सभा रुड़की, व्यापार मंडल एवं अन्य सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।


