रुड़की। 84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी, रुड़की के तत्वावधान में क्वांटम विश्वविद्यालय, मंडावर में आयोजित दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को अग्निवीर योजना एवं साइबर सुरक्षा विषय पर विशेषज्ञों द्वारा जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रसेवा, अनुशासन और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में 51 आर्टिलरी के कप्तान स्वप्निल जैन ने अग्निवीर योजना की भर्ती प्रक्रिया, पात्रता, प्रशिक्षण, सेवा अवधि और भविष्य की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित कर भारतीय सशस्त्र सेनाओं में करियर बनाने के लिए मजबूत आधार तैयार करती है।
इसके बाद भगवानपुर के क्षेत्राधिकारी सुमित पांडेय ने साइबर सुरक्षा पर व्याख्यान देते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी और बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा डिजिटल माध्यमों पर सतर्क रहने के उपाय बताए। उन्होंने कैडेट्स से स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार व समाज को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
शिविर प्रशासन ने बताया कि ऐसे विशेषज्ञ व्याख्यानों का उद्देश्य कैडेट्स को समसामयिक विषयों की जानकारी देकर उन्हें जिम्मेदार, जागरूक और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक बनाना है।
इस अवसर पर कैडेट्स नित्य चौधरी, शानवी, ज्योति सैनी, वेदांश त्यागी, देवांश गोयल, आशुतोष पाठक, अरहान अनीस सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।


