रुड़की।
समर्पण जन कल्याण संगठन की महिला शाखा द्वारा संस्कार पब्लिक स्कूल में बाल संस्कार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बच्चों को अच्छे संस्कारों के साथ समाज में बढ़ती अनैतिक गतिविधियों के प्रति जागरूक किया गया।
महिला शाखा की अध्यक्ष रेनू गुप्ता, महामंत्री प्रीति अग्रवाल और कोषाध्यक्ष बबीता यादव ने बच्चों से बौद्धिक, व्यवहारिक और धार्मिक प्रश्न पूछकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस दौरान बच्चों को गुड टच-बैड टच की जानकारी दी गई और यातायात नियमों का पालन करने, फास्ट फूड से दूर रहकर पौष्टिक आहार लेने के लिए प्रेरित किया गया।
शाखा संरक्षिका सुगंध जैन ने बच्चों से भक्ति गीत गवाकर उनमें देशप्रेम की भावना जागृत की, वहीं संरक्षिका अपर्णा गर्ग ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। शिविर में एलकेजी से कक्षा आठ तक के लगभग 125 बच्चों ने भाग लिया।
अंत में सभी बच्चों को पेन, चाबी के गुच्छे, टॉफियां और बिस्कुट के पैकेट वितरित किए गए। इस अवसर पर दीपशिखा, सुगंध अग्रवाल, सुचिता गुप्ता, वंदना अग्रवाल, महामंत्री प्रदीप गोयल, रितु कुमारी, नीलम सिंघल समेत अनेक महिला सदस्य उपस्थित रहीं।


