रुड़की शहर के बीचों-बीच स्थित नगर निगम पुल पर लगातार बढ़ता अतिक्रमण अब न केवल आमजन की परेशानी का कारण बन चुका है, बल्कि यह नगर निगम की निष्क्रियता पर भी सवाल खड़ा कर रहा है। पुल के दोनों ओर फल, फूल, चार्ट, जूस विक्रेता और भिखारी सुबह से शाम तक जाम का प्रमुख कारण बने हुए हैं।
आज नगर निगम की टीम पुल से गुजरी और केवल भिखारियों का सामान हटाकर औपचारिकता निभा दी। बताया गया कि भिखारी वहां नशा करते थे और गंदगी फैलाते थे, लेकिन यह अनदेखा कर दिया गया कि उसी स्थान पर फल व फूल विक्रेताओं ने भी कब्जा कर रखा है।
इस आधे अधूरे अभियान से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि अतिक्रमण हटाना ही था, तो सभी के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए थी। केवल भिखारियों को हटाकर निगम अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकता।
नगर निगम को चाहिए कि वह इस पुल को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करे, जिससे न केवल सफाई बनी रहे बल्कि ट्रैफिक जाम से भी निजात मिले।


