रुड़की।सोनी रोड़।84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी, रुड़की के तत्वावधान में क्वांटम विश्वविद्यालय, मंडावर में आयोजित दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत मंगलवार को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कैडेट्स में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ कैम्प कमांडेंट कर्नल जगदीश अलमिया एवं क्वांटम विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अमित दीक्षित ने पौधरोपण कर किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सकता है। उन्होंने कैडेट्स से पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक उत्तरदायित्व के रूप में अपनाने का आह्वान किया।

अभियान के दौरान बाँस, जामुन, अमरूद, आम और लीची सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं पर्यावरण हितैषी पौधे लगाए गए। कैडेट्स ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।
इस अवसर पर डिप्टी कैम्प कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अमन कुमार सिंह, कैम्प एडजुटेंट कैप्टन सुशील आर्य, क्वांटम विश्वविद्यालय के एस्टेट अधिकारी ललित सैनी, कप्तान धर्म सिंह, फर्स्ट ऑफिसर (डॉ.) पारस कुमार, फर्स्ट ऑफिसर नीरज नौटियाल, सेकंड ऑफिसर अरुण कुमार, दीपमाला, दीपिका गोस्वामी, प्रियंका प्रजापति सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।
कैम्प कमांडेंट कर्नल जगदीश अलमिया ने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य केवल अनुशासित और सक्षम युवा तैयार करना ही नहीं, बल्कि उन्हें पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण के प्रति भी जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान युवाओं में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ समाज को भी सकारात्मक संदेश देते हैं।


