रुड़की, 21 जून सोनी रोड़ । रूपाचा शर्मा एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा संचालित बिशंभर सहाय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस (BSI) महाविद्यालय परिसर में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा व्यावसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सौरव भूषण शर्मा, डीन ऑफ एकेडमिक दिवाकर जैन तथा प्राचार्य शाहजेब आलम द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद अनुभवी योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने प्राणायाम, सूर्य नमस्कार एवं विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सौरव भूषण शर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने युवाओं से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ और जागरूक युवा ही आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
डीन ऑफ एकेडमिक दिवाकर जैन ने कहा कि योग मानसिक शांति, एकाग्रता और स्मरण शक्ति को बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने छात्रों को नियमित योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इससे शैक्षणिक और व्यक्तिगत जीवन में सफलता प्राप्त करने में सहायता मिलती है।
वहीं प्राचार्य शाहजेब आलम ने कहा कि योग दिवस का वास्तविक उद्देश्य तभी सार्थक होगा जब लोग इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाएं। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों के अनुशासित सहभागिता की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों को नियमित योग करने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान संस्थान प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। योग शिविर ने स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश देते हुए सभी प्रतिभागियों को योग के प्रति जागरूक किया।


