रुड़की। सोनी रोड़।

भारतीय जनता पार्टी जिला रुड़की ओबीसी मोर्चा द्वारा केंद्रीय बजट पर चर्चा एवं नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों के स्वागत के अवसर पर जिला भाजपा कार्यालय, रुड़की में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ओबीसी समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री राजवीर कश्यप मौजूद रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने की। दोनों वक्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्तमान केंद्रीय बजट की प्रमुख विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग, विशेषकर ओबीसी समाज के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता एवं समावेशी विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

वक्ताओं ने बजट के विभिन्न प्रावधानों तथा आम जनमानस को मिलने वाले लाभों को सरल भाषा में कार्यकर्ताओं के समक्ष रखा। डॉ. मधु सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र सरकार निरंतर ऐसे निर्णय ले रही है, जिससे देश का समग्र विकास सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं को संगठन के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाया जाए, ताकि समाज का अंतिम व्यक्ति भी उनका लाभ प्राप्त कर सके।
इस अवसर पर अन्य पिछड़ा वर्ग के जिला अध्यक्ष आदित्य चौधरी रोड, कार्यक्रम संयोजक ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री कविंद्र चौधरी, उत्तराखंड सरकार में दायित्वधारी शोभाराम प्रजापति एवं ओबीसी मोर्चा के प्रभारी सागर गोयल,पूर्व मंत्री धीर सिंह रोड़ भी उपस्थित रहे। सागर गोयल ने सभी को शुभकामनाएँ देते हुए पार्टी हित एवं सामाजिक हित में निरंतर कार्य करने की सलाह दी। वहीं आदित्य चौधरी रोड ने ओबीसी समाज से एकजुट होकर अन्य वर्गों के साथ मिलकर कार्य करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों का फूल देकर भव्य स्वागत किया गया। अनेक पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में संगठन को मजबूत करने और जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। कार्यक्रम में जसवीर पाल, विकास प्रजापति, अनुज आमखेड़ी, पुलकित रोड सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


