हरिद्वार, 26 सितंबर। उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर की ओर से उत्तराखण्ड अध्यापक पात्रता परीक्षा (UTET-I एवं UTET-II) का आयोजन 29 सितंबर 2026 को हरिद्वार जनपद में दो पालियों में किया जाएगा। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी।

परीक्षा के लिए हरिद्वार शहर में आठ और रुड़की में 10, कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार तथा उपजिलाधिकारी हरिद्वार और रुड़की को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर अनुशासनहीनता, धमकी, मारपीट अथवा अनुचित साधनों के प्रयोग की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए उन्हें कोषागार एवं उपकोषागार के डबल लॉक में सुरक्षित रखा जाएगा। जहां डबल लॉक की व्यवस्था उपलब्ध नहीं है, वहां सशस्त्र सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे।
परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए हरिद्वार और रुड़की के सभी केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। वे परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के साथ संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी, हरिद्वार को परीक्षा संचालन की समस्त व्यवस्थाओं का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा की निष्पक्षता, गोपनीयता और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


