लाखनौर। सहारनपुर।सोनी रोड़ लाखनौर रोड़ क्रिकेट कप 2025 में आज खेले गए मुकाबले में रहमतपुर क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लाखनौर टीम को हराया। रहमतपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 192 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में लाखनौर की टीम 100 रन के भीतर ही सिमट गई।
हालांकि मैच में सबसे बड़ा आकर्षण रहा लाखनौर की ओर से खेलने वाला मात्र 7 वर्षीय बालक “केशव”। जब वह बल्लेबाजी करने मैदान में उतरा, तो पूरे मैदान ने तालियों की गड़गड़ाहट से उसका स्वागत किया। नन्हे खिलाड़ी केशव ने अपनी निडर बल्लेबाजी और सुंदर शॉट्स से दर्शकों का दिल जीत लिया।

मैच के बाद लाखनौर क्रिकेट कमेटी की ओर से केशव को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कमेटी के सदस्यों ने कहा कि “ईश्वर इस बालक की आयु लंबी करे और वह आने वाले समय में क्रिकेट के क्षेत्र में बड़ा नाम कमाए।”
इस मौके पर उपस्थित दर्शकों ने भी केशव की प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उसे भविष्य का सितारा बताया।


