पिरान कलियर। विधानसभा पिरान कलियर के आंगनवाड़ी केंद्र ब्रह्मपुर एवं गुम्मावाला में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी ने प्रतिभाग कर मातृशक्ति, किशोरियों एवं बच्चों से संवाद किया।

इस दौरान महिलाओं एवं किशोरियों को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी गई। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली किशोरियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में छह माह की आयु पूरी कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया, जबकि गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी विधिवत संपन्न हुई। कार्यक्रम के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।
रोमा सैनी ने कहा कि स्वस्थ समाज की नींव स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चे से मजबूत होती है। महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

