रुड़की। सोनी रोड़।स्टाफ स्पोर्ट्स क्लब रुड़की की ओर से मंगलवार को 8वीं स्टाफ स्पोर्ट मीट-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में वॉलीबॉल और फुटबॉल के मुकाबले कराए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विभागाध्यक्ष, संस्थान उपकरण केंद्र एवं प्रोफेसर—बायो साइंसेज और बायो इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर (डॉ.) प्रवीण कुमार रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्थान की क्रीड़ा परिषद के वॉलीबॉल कोच एवं वॉलीबॉल के राष्ट्रीय खिलाड़ी ठाकुर दलजीत सिंह मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन स्टाफ स्पोर्ट्स क्लब के संस्थापक-अध्यक्ष ठाकुर राजपाल सिंह ने किया। मुख्य अतिथि डॉ. प्रवीण कुमार ने खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने अपने संबोधन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण अंग हैं और स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
ठाकुर दलजीत सिंह ने कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क के निर्माण की प्रेरणा भी देते हैं। क्लब अध्यक्ष ठाकुर राजपाल सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने और जीवन में खेलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
वॉलीबॉल के सेमीफाइनल मुकाबले में कप्तान विकास सोलंकी की ब्लैक पैंथर टीम ने व्हाइट टाइगर्स टीम को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं कप्तान प्रकाश बोरा की ब्लू बियर्स टीम ने रेड हॉक्स टीम को संघर्षपूर्ण मुकाबले में शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई।
फुटबॉल के दिलचस्प मुकाबले में रेड टीम ने पेनल्टी शूटआउट के जरिए ग्रीन टीम को 3-2 से हराया। कप्तान प्रज्वल-येलो टीम तीसरे स्थान पर रही।
इस अवसर पर स्टाफ स्पोर्ट्स क्लब के प्रशासनिक अधिकारी चौधरी शिवकुमार सिंह, संयोजक मानपाल शर्मा, आईआईटी कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष अंकित सैनी, सुभाष चन्द्र बोस क्लब के अध्यक्ष आदित्य सैनी, महासचिव रविन्द्र गौतम, कोषाध्यक्ष विजयपाल सहित खेल संयोजक रविमोहन, नरेश भारद्वाज, प्रवीण शर्मा, रोहित कुमार सिंह, अरविन्द कपिल, सागर गर्ग, योगेन्द्र बलथेरे, जगत खनका, प्रमोद कुमार, डॉ. राव फरमान खान, विकास सोलंकी, शुभम चौधरी समेत संस्थान के खिलाड़ी व कर्मचारी मौजूद रहे।


