रुड़की। सोनी रोड़।एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) में आ रही दिक्कतों और फर्जी आपत्तियों के निस्तारण की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर की ओर से शुक्रवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं एसआईआर रुड़की विधानसभा प्रभारी धीरेंद्र प्रताप के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपर तहसीलदार रुड़की शुभांगी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान आमजन को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए। फर्जी शिकायतों और आपत्तियों का निस्तारण बीएलओ की रिपोर्ट के आधार पर तत्काल किया जाए। वहीं, छोटी-मोटी त्रुटियों को लेकर जारी किए गए नोटिसों का भी नियमानुसार गंभीरता से निस्तारण करने की मांग की गई।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि प्रत्येक नागरिक के मतदान के अधिकार को सुरक्षित रखना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। फॉर्म-7 से संबंधित सभी आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जाए और जिस व्यक्ति के खिलाफ आपत्ति दर्ज की गई है, उसे नोटिस के माध्यम से पर्याप्त सूचना दी जाए। उन्होंने कहा कि फर्जी आपत्तियों का तेजी से निस्तारण होने से मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि यदि चुनाव आयोग अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करता है तो कांग्रेस उसका स्वागत करेगी। लेकिन यदि वैध मतदाताओं को परेशान किया गया या उनके मतदान के अधिकार से वंचित करने का प्रयास हुआ तो कांग्रेस को मजबूरी में चुनाव आयोग के खिलाफ जन आंदोलन करना पड़ेगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट ने कहा कि अधिकारियों को अपने दायित्व का निष्पक्षता और ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। केंद्रीय चुनाव आयोग अथवा किसी राजनीतिक दल के दबाव में वैध मतदाताओं को परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के मतदान अधिकार की सुरक्षा चुनाव अधिकारियों, बीएलओ और जिला निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी है। यदि किसी वैध मतदाता को मतदान से वंचित करने का प्रयास किया गया तो कांग्रेस पार्टी कानूनी कदम उठाने के लिए मजबूर होगी।
इस दौरान प्रदेश सचिव एवं रुड़की सह प्रभारी महेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष डॉ. हरविंदर सिंह, ओमवीर सिंह मलिक, पूर्व मेयर गौरव गोयल, पूर्व मेयर प्रत्याशी पूजा गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष नीरज सैनी, रिजवान अहमद, सुशील कश्यप, जिला प्रवक्ता अनिल पुंडीर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एसपी त्यागी एडवोकेट, पार्षद फजलुर्रहमान, मोनू त्यागी, मकसूद हसन, अब्दुल समद, ढंडेरा नगर अध्यक्ष राव मुन्ना, पूर्व प्रदेश सचिव मुनेश त्यागी, अनूप शर्मा, पूर्व चेयरमैन सेवाराम रोड, बीएलए-1 सलमान सिद्दीकी, अनस आलम, नीरज अग्रवाल, नूर आलम सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


