रुड़की।सोनी रोड़।उत्तराखंड परिवहन निगम के रुड़की डिपो में कर्मचारियों को पिछले दो माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने शनिवार को सहायक महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष सांकेतिक धरना दिया। कर्मचारियों ने जुलाई और अगस्त 2026 का लंबित वेतन तत्काल जारी करने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि सितंबर माह भी चल रहा है और लगातार वेतन में देरी से उनके सामने परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की स्कूल फीस और अन्य घरेलू खर्चों का संकट खड़ा हो गया है।
यूनियन की ओर से सहायक महाप्रबंधक को दिए गए प्रेस विज्ञप्ति एवं ज्ञापन में कहा गया कि रुड़की डिपो में कार्यरत कर्मचारियों को जुलाई और अगस्त का वेतन अभी तक नहीं मिला है। यूनियन ने वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए लंबित दो माह का वेतन तत्काल जारी करने की मांग की।
धरने में यूनियन के अध्यक्ष अनिल कुमार रोड, मंत्री निरंकार अहलावत, मंडलीय अध्यक्ष कुलदीप सिंह, मंडलीय उपाध्यक्ष साद फारुकी सहित हरेंद्र कुमार, अरुण कुमार, संदीप राणा, भानु प्रताप, विजय गिरी, अजय राणा, राजकुमार छोक्कर, अमित कुमार, कुलदीप सिंह और अमन शर्मा समेत कर्मचारी मौजूद रहे।
यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन को और तेज करेगा। ज्ञापन में सक्षम अधिकारियों और श्रम प्राधिकारियों के समक्ष वेतन की वसूली एवं जिम्मेदारी तय कराने की बात भी कही गई है। संगठन ने आगे भूख हड़ताल और आमरण अनशन जैसे कदम उठाने की चेतावनी दी है।
50 प्रतिशत बसों का संचालन जारी
इधर रुड़की डिपो के सहायक महाप्रबंधक अमिता सैनी ने बताया कि कर्मचारियों के वेतन को लेकर उच्च स्तर पर प्रक्रिया चल रही है और जल्द वेतन मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में डिपो से करीब 50 प्रतिशत बसों का संचालन किया जा रहा है।
कर्मचारियों का कहना है कि वेतन में देरी का असर सीधे उनके परिवारों पर पड़ रहा है। उनका आरोप है कि हर बार सरकार और निगम स्तर से वेतन जल्द जारी होने का आश्वासन मिलता है, लेकिन समय पर भुगतान नहीं हो पाता। कर्मचारियों ने मांग की कि भविष्य में वेतन भुगतान की व्यवस्था नियमित की जाए, ताकि उन्हें बार-बार आंदोलन के लिए मजबूर न होना पड़े।


