15वीं प्रादेशिक जनपदीय/वाहिनी पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन
40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार ने 55 रनों से हराकर जीता खिताब

हरिद्वार।सोनी रोड़।हरिद्वार पुलिस की मेजबानी में 29 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 15वीं प्रादेशिक जनपदीय/वाहिनी पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का विधिवत समापन हो गया। प्रतियोगिता में जनपद एवं विभिन्न वाहिनियों की कुल 18 पुलिस टीमों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले में जनपद हरिद्वार और 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार के बीच फाइनल मैच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार ने जनपद हरिद्वार को 55 रनों से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के दौरान जनपद के अलग-अलग मैदानों पर मुकाबले आयोजित किए गए। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतियोगिता की लगातार मॉनिटरिंग की गई। सभी टीमों ने अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक अपराध निशा यादव ने अन्य पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में विजेता टीम 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार को चल वैजयंती ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही उपविजेता टीम और अन्य खिलाड़ियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध ने सभी खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी खेल भावना और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह के अंत में उन्होंने 15वीं प्रादेशिक जनपदीय/वाहिनी पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 के विधिवत समापन की घोषणा की।


