पिरान कलियर।सोनी रोड़।रोजगार मेले के बहाने भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी ने पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता का दमखम दिखाया। धनोरी में आयोजित रोजगार मेले में जहां करीब 900 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया और 478 युवाओं को ऑफर लेटर मिले, वहीं मंच पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को सियासी रंग भी दे दिया।

कार्यक्रम में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, रुड़की भाजपा जिलाध्यक्ष मधु, राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी और कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा समेत कई प्रमुख चेहरे मौजूद रहे। एक मंच पर भाजपा के इतने नेताओं की मौजूदगी को रोमा सैनी के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम की सफलता और नेताओं से मिले समर्थन से रोमा सैनी भी गदगद नजर आईं।
युवा, महिला और रोजगार… रोमा का नया सियासी फॉर्मूला?
पिरान कलियर की राजनीति में 2027 को लेकर अभी से हलचल शुरू हो चुकी है। ऐसे में रोमा सैनी की लगातार बढ़ती सक्रियता को विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। महिला शक्ति को आगे बढ़ाने से लेकर युवाओं को रोजगार से जोड़ने तक, रोमा सैनी जिस तरह लगातार क्षेत्र में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही हैं, उससे उनकी संभावित विधानसभा दावेदारी की चर्चा को भी बल मिला है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि 2027 में पिरान कलियर विधानसभा सीट से भाजपा की ओर से टिकट के संभावित दावेदारों में रोमा सैनी का नाम मजबूती से उभर रहा है। हालांकि टिकट को लेकर भाजपा की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन क्षेत्र में उनकी सक्रियता और संगठन के वरिष्ठ नेताओं के साथ दिखाई दे रही नजदीकी ने सियासी चर्चाओं को जरूर गर्म कर दिया है।
सैनी की राजनीति केवल मंच तक सीमित नहीं दिखाई दे रही। महिला समूहों से लेकर भाजपा संगठन की गतिविधियों तक उनकी सक्रिय भागीदारी लगातार नजर आती रही है। अब युवाओं के बीच रोजगार के मुद्दे को लेकर आयोजित इस बड़े कार्यक्रम ने उनकी राजनीतिक सक्रियता को एक नया आयाम दिया है।
रोजगार मेले में युवाओं की भारी भागीदारी और 478 युवाओं को ऑफर लेटर मिलना रोमा सैनी के लिए राजनीतिक और सामाजिक दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। कार्यक्रम में मौजूद भाजपा नेताओं ने भी इस पहल की सराहना की।
रोमा सैनी ने कहा कि युवाओं को केवल भविष्य के सपने दिखाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें रोजगार के वास्तविक अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों के आयोजन का भरोसा दिलाते हुए कहा कि युवाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।
अब नजर टिकट पर…
धनोरी का यह रोजगार मेला भले ही रोजगार से जुड़ा कार्यक्रम था, लेकिन इसके मंच से 2027 के सियासी समीकरणों की तस्वीर भी कुछ हद तक साफ होती नजर आई। युवाओं की मौजूदगी, महिला शक्ति का समर्थन और संगठन के वरिष्ठ नेताओं की सहभागिता ने रोमा सैनी की राजनीतिक सक्रियता को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि 2027 के चुनावी रण में भाजपा पिरान कलियर से किस चेहरे पर दांव लगाती है। फिलहाल रोमा सैनी ने रोजगार, महिला शक्ति और संगठन के सहारे अपनी दावेदारी का मैदान जरूर तैयार करना शुरू कर दिया है।


