हरिद्वार।सोनी रोड़।फैडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन, हरिद्वार के पदाधिकारियों ने मंगलवार को मिनिस्ट्रियल कार्मिकों की 12 सूत्रीय मांगों को लेकर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक को उनके कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जनपदीय मंत्री रोहित कुमार शर्मा ने किया, जबकि अध्यक्षता जनपदीय अध्यक्ष सईद अहमद ने की।

ज्ञापन में कनिष्ठ सहायक पद का ग्रेड वेतन ₹2800 किए जाने, प्रधान सहायक एवं प्रशासनिक अधिकारी पद के समायोजन, उपनिदेशक (प्रशासनिक) के लेवल-11 पद का सृजन तथा ₹6600 ग्रेड वेतन सहित विभिन्न लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों को लेकर प्रांतीय संगठन और शासन के बीच कई दौर की वार्ता हो चुकी है। कई मांगों पर सहमति भी बन चुकी है, लेकिन अभी तक संबंधित शासनादेश जारी नहीं किए गए हैं। उन्होंने सरकार से लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
फेडरेशन के आंदोलन के अगले चरण में 25 सितंबर 2026 को जिला मुख्यालय रोशनाबाद में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद जिलाधिकारी हरिद्वार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा।
इस दौरान इमरान अंसारी, कुलदीप बिष्ट, रवि कपूर, धीरेन्द्र सिंह, मुकुल चौहान, यशवंत सिंह और अंशु तोमर समेत विभिन्न मिनिस्ट्रियल संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।


