रुड़की।soni भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की में शनिवार को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। समारोह में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) श्री अजीत कुमार डोभाल, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनकी सुरक्षा को लेकर शहर और IIT परिसर में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
Ì
सुरक्षा व्यवस्था के तहत अलग-अलग सुरक्षा घेरे बनाए गए हैं। IIT परिसर और उसके आसपास कई महत्वपूर्ण प्वाइंटों पर पुलिस एवं पीएसी के करीब 100 जवानों की तैनाती की गई है। कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने वाले मार्गों पर भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। अजीत डोभाल के रुड़की पहुंचने के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
दो दिन चलेगा दीक्षांत समारोह
IIT रुड़की का दीक्षांत समारोह इस बार दो दिनों तक आयोजित किया जा रहा है। 19 और 20 सितंबर 2026 को होने वाले समारोह में स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी सहित कुल 2701 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 449 छात्राएं भी शामिल हैं।
शनिवार को आयोजित होने वाले पहले दिन के समारोह में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत कुमार डोभाल मुख्य अतिथि होंगे, जबकि चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
वहीं, रविवार को होने वाले दूसरे दिन के समारोह में हीरो मोटोकॉर्प के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) हर्षवर्धन चितले मुख्य अतिथि और ऑयलमैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक तथा एशियन एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. कपिल गर्ग विशिष्ट अतिथि होंगे।
2701 विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि
IIT रुड़की के निदेशक प्रोफेसर के. के. पेंट ने प्रेस वार्ता में बताया था कि इस वर्ष दीक्षांत समारोह में कुल 2701 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इतने विद्यार्थियों को एक साथ उपाधि प्रदान करना संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने छात्राओं की उल्लेखनीय भागीदारी को भी खुशी का विषय बताया।
दो दिवसीय समारोह में स्नातक होने वाले विद्यार्थी, संकाय सदस्य, विशिष्ट अतिथि, पूर्व छात्र और IIT रुड़की समुदाय के अन्य सदस्य शामिल होंगे। समारोह को लेकर संस्थान परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, वहीं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की मौजूदगी के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी है।


