रुड़की, सोनी रोड़, 25 सितम्बर।
“स्वच्छता ही सेवा” मुहिम के तहत 84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी, रुड़की के 250 से अधिक कैडेट्स ने नगर में स्वच्छता रैलियाँ निकालकर आमजन को जागरूक किया। प्रातः 8 से 9 बजे तक श्रमदान कर स्वच्छ भारत का संदेश दिया गया।
आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर, रुड़की के कैडेट्स ने कैप्टन विशाल शर्मा व सेकंड ऑफिसर नीरज नौटियाल के नेतृत्व में ग्रीन पार्क कॉलोनी व मंगलौर रोड पर जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान लोगों से अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की गई।
सेंट ऐंस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रुड़की की एनसीसी कैडेट्स ने सीटीओ शाहिना प्रवीन व दीपमाला के मार्गदर्शन में पोस्टर अभियान और वेस्ट टू आर्ट गतिविधियों के माध्यम से अनुपयोगी वस्तुओं से वॉल हैंगिंग, पेंटिंग व बैग बनाकर उनके सही उपयोग का संदेश दिया।
महावीर इंटरनेशनल स्कूल, पुहाना के कैडेट्स ने सीटीओ प्रियंका बिष्ट के साथ विद्यालय व आसपास सफाई अभियान चलाया और शपथ ली कि वे जीवन में कभी कूड़ा नहीं फैलाएँगे तथा दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करेंगे।
कार्यवाहक कमान अधिकारी कर्नल अमन कुमार सिंह ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत को स्वच्छता से ही संरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने कैडेट्स को प्रेरित करते हुए कहा कि युवाओं को रैली, गोष्ठी और वाद-विवाद के माध्यम से भी स्वच्छता का संदेश समाज तक पहुँचाना चाहिए।
इस अवसर पर कैडेट आयुष, अपूर्व, सार्थक, स्वास्तिक, भानू, भौमिक, आरूष, अक्षरा, आस्था, खुशी, गौरी, मुस्कान, दीप्ति, वैष्णवी, जिया, आयुषी, जाह्नवी, मानसी, कीर्तिका, श्लोका आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

