हरिद्वार, 18 सितंबर।सोनी रोड़।कुम्भ मेला-2027 हरिद्वार की तैयारियों को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने शुक्रवार को सीसीआर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अब तक की गई तैयारियों, सुरक्षा योजनाओं और आगामी कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी ली गई।

बैठक की शुरुआत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुम्भ मेला-2027 आयुष अग्रवाल द्वारा वर्तमान तक की गई तैयारियों एवं भविष्य की कार्ययोजना के प्रस्तुतीकरण से हुई। इसके बाद एडीजी ने कुम्भ मेले की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन, संचार व्यवस्था, डिजिटल तकनीक के उपयोग तथा चरणवार पुलिस बल की तैनाती को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को समय से अंतिम रूप देते हुए तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि कुम्भ जैसे बड़े आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों तथा सीमावर्ती जनपदों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर ठोस एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।
उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से कुम्भ मेला विश्व का सबसे बड़ा आयोजन है। मेले को निर्विघ्न एवं सकुशल संपन्न कराने के साथ ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और त्रुटिरहित सुरक्षा उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कुम्भ मेला क्षेत्र में बनाए जाने वाले जोन एवं सेक्टर तथा पुलिस बल की तैनाती को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के बाद एडीजी ने अधिकारियों के साथ कुम्भ मेला क्षेत्र का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर की जा रही व्यवस्थाओं की हकीकत जानी और अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने एटीसी पहुंचकर कुम्भ मेला ड्यूटी के लिए प्रशिक्षण ले रहे जवानों से संवाद किया तथा प्रशिक्षण की जानकारी ली। प्रशिक्षित स्टाफ एवं अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. नीलेश आनंद भरणे, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक कुम्भ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुम्भ मेला आयुष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक अभिसूचना मणिकांत मिश्रा, पुलिस अधीक्षक एटीएस सरिता डोभाल, पुलिस अधीक्षक यातायात हरिद्वार निशा यादव तथा पुलिस अधीक्षक जीआरपी अरुणा भारती सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


